परिसीमन के जरिए क्षेत्रों में बदलाव कर विस चुनाव किया गया प्रभावित : झामुमो

WhatsApp Channel Join Now
परिसीमन के जरिए क्षेत्रों में बदलाव कर विस चुनाव किया गया प्रभावित : झामुमो


रांची, 04 मई (हि.स.) झाारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने असम के चुनाव परिणामों पर भट्टाचार्य ने कहा कि परिसीमन के जरिए विधानसभा क्षेत्रों में बदलाव कर चुनाव को प्रभावित किया गया। झामुमो ने पहली बार हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और करीब 0.5 प्रतिशत वोट हासिल किए। पार्टी 10 सीटों पर तीसरे और एक सीट पर दूसरे स्थान पर रही।

भट्टाचार्य सोमवार को मोर्चा के प्रधान कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश के पांच राज्यों में खासकर पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर तीखी प्रतिक्रिया देत हुए इसे अवैध और असंवैधानिक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए बड़ी संख्या में सेना के जवानों के साथ-साथ सीबीआई, ईडी, एनआईए और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 29 लाख मतदाताओं को मतदान से वंचित रखा गया।

भट्टाचार्य ने कहा कि तमिलनाडु और दक्षिण भारत की राजनीति में सिनेमा जनसंवाद का बड़ा माध्यम रहा है। कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना की। झारखंड में संभावित परिसीमन को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी इस पर लगातार नजर बनाए हुए है और आंतरिक तैयारी कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि असम की तरह यहां भी जनसांख्यिकीय बदलाव की कोशिश हो सकती है, जिसे रोका जाना चाहिए। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जनजाति यानी एसटी सीटों में किसी तरह की कमी की संभावना नहीं है और इसपर 2029 के बाद ही कोई आयोग विचार करेगा।

विपक्ष की स्थिति पर पूछे गए सवाल पर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि जिस तरह शरीर में प्लेटलेट्स कम होने पर डॉक्टर कीवी फल खाने की सलाह देते हैं, उसी तरह विपक्ष की ताकत बढ़ाने के लिए जेएमएम की भूमिका अहम होगी। उन्होंने कहा कि कीवी बाहर से भूरा दिखता है, लेकिन अंदर से हरा होता है, उसी तरह झामुमो भी विपक्ष की ताकत और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन को मजबूत करने और नेतृत्व देने की क्षमता जेएमएम में है। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के दौरान पुडुचेरी में एआईडीएमके और उसके सहयोगियों को सरकार बनाने के लिए ढेरों बधाई। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की भारी बहुमत से जीत को उन्होंने पहले से तय परिणाम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story