मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर और धर्मशाला संस्था के चुनाव में 1,433 मतदाता डालेंगे वोट

WhatsApp Channel Join Now
मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर और धर्मशाला संस्था के चुनाव में 1,433 मतदाता डालेंगे वोट


रामगढ़, 15 जून (हि.स.)। रामगढ़ में श्री मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर और धर्मशाला संस्था समिति के सत्र 2026-28 के लिए होने वाले चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। 16 जून को होने वाले मतदान से पूर्व धर्मशाला प्रांगण में चुनाव समिति एवं प्रत्याशियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिसमें चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता चुनाव प्रभारी गोविंद पी. मेवाड़ व संचालन श्याम सुंदर परशुरामपुरिया ने किया। इस दौरान चुनाव समिति ने सभी प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों, उपनियमों तथा आचार-संहिता की विस्तृत जानकारी दी और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का आग्रह किया।

निष्पक्ष और गरिमामय चुनाव का संकल्प

बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव समिति के सदस्यों गोविंद पी मेवाड़, श्याम सुंदर परशुरामपुरिया, रमेश बौदिया, किशोर जाजू एवं उमेश राजगढ़िया ने संस्था की गरिमा और परंपरा को बनाए रखते हुए चुनाव संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। समिति ने स्पष्ट कहा कि संस्था के हित में सक्षम, स्वच्छ और मजबूत नेतृत्व का चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए और इसके लिए सभी पक्षों का सहयोग आवश्यक है। समिति के आह्वान का समर्थन करते हुए सभी प्रत्याशियों ने चुनाव को भाईचारे, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के वातावरण में संपन्न कराने की सहमति व्यक्त की।

11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के गठन के लिए इस बार कुल 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें जगदीश प्रसाद गोयल, महावीर खंडेलवाल, गोकुल शर्मा, प्रवीण कुमार अग्रवाल, उपकार कुमार अग्रवाल, सुनील गोयल, विकास साह, विनोद कुमार पंकज, नरेश अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल ‘बबलू’ तथा रोहित कुमार पंसारी सहित अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया के अनुसार प्रत्येक मतदाता 17 प्रत्याशियों में से अधिकतम 11 उम्मीदवारों को अपना मत दे सकेगा। सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले 11 प्रत्याशी नई कार्यकारिणी समिति के सदस्य चुने जाएंगे।

संस्था के इस महत्वपूर्ण चुनाव में कुल 1,433 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव समिति के अनुसार मतदान धर्मशाला परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी। चुनाव समिति का अनुमान है कि मतगणना पूरी होने के बाद रात्रि 9 बजे तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। परिणामों के साथ ही संस्था को अगले दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी समिति मिल जाएगी।

चुनाव समिति ने सभी मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। समिति का कहना है कि अधिकाधिक मतदान से संस्था की लोकतांत्रिक परंपरा और मजबूत होगी तथा चुनी गई समिति को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त होगा। बैठक के अंत में रमेश बौदिया धन्यवाद ज्ञापन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story