जमीन विवाद में बड़े भाई की हत्या, पत्नी और भतीजा गंभीर
लातेहार, 12 जून (हि.स.)। जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों में हुई खूनी संघर्ष में बड़े भाई कामिल बेक (65)की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पोटमाडीह गांव निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच गुरुवार की रात जमीन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि पोलिकार्प बेक ने टांगी से अपने बड़े भाई कामिल बेक पर हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची कामिल बेक की पत्नी सलोमी बेक और बेटा निलेश बेक पर भी आरोपित ने हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं सलोमी बेक और निलेश बेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण जमीन संबंधी विवाद सामने आया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

