रांची में रामनवमी पर एकता कमेटी का स्वागत कार्यक्रम, श्रद्धालुओं का किया गया अभिनंदन
रांची, 27 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची में भारतीय एकता कमेटी की ओर से करबला टैंक रोड स्थित मुख्य कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राम भक्तों और श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर रामनवमी की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी, चना और मिठाइयों की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे आने-जाने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने कहा कि रामनवमी सहित सभी त्योहार हमें आपसी एकता, भाईचारे, अमन और शांति का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी धर्मों और समुदायों से अपील की कि वे एक-दूसरे के पर्व मिलजुलकर मनाएं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव रामेश्वर राम ने उपस्थित लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर स्वागत किया।
श्री महावीर मंडल नीचे बाजार गुदरी के अध्यक्ष दयानंद प्रसाद नंदू, जोय कुमार गुप्ता, पवन कुमार, मनोज राम, मोहम्मद सितारे, बुलंद अख्तर, मोहम्मद कलीम, राजेश राम, अमित कुमार अग्रवाल और सुबोध राम सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूरा कार्यक्रम सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ, जहां सभी ने मिलकर रामनवमी की शुभकामनाएं साझा कीं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

