टीएसपीसी के आठ उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
टीएसपीसी के आठ उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार


हजारीबाग, 22 मार्च (हि.स.)। हजारीबाग जिले के उरीमारी ओपी क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ उग्रवादियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में लातेहार निवासी सुनिल मुण्डा, विरेन्द्र मुण्डा , सुरेन्द्र मुण्डा, लालमोहन मुण्डा, अनिल मुण्डा , रविन्द्र गंझू उर्फ रिंकु, सत्येन्द्र गंझू उर्फ सन्दु और संजय मुण्डा शामिल है।

इनके पास से दो पीस 5.56 एमएम का इंसास राईफल, 90 पीस 5.56 एमएम का जिन्दा गोली, 37 पीस 7.62 एमएम का जिन्दा गोली, 26 पीस 7.65 एमएम का जिन्दा गोली, 21 पीस 9 एमएम का जिन्दा गोली और एक देशी पिस्टल और एक बोलेरो गाडी और सात पीस मोबाईल फोन बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई एसपी अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है, जिसमें बताया गया था कि कोलियरी क्षेत्र में उग्रवादी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के बाद एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम जब आसवा और गुडकुया गांव के पास पहुंची, तभी उरेज गांव की ओर से आ रही एक सफेद बाेलेराे गाड़ी पुलिस को देखकर तेजी से मुड़कर भागने लगी। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया लेकिन भागने की कोशिश में गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल और पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन में बैठे उग्रवादियों के पास से दो इंसास राइफल सहित भारी मात्रा में जिंदा कारतूस मिले हैं। पूछताछ में सभी ने अपने नाम-पते बताए और संगठन से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। ये सभी प्रतिबंधित टीएसपीसी संगठन के जोनल और सब-जोनल कमांडरों के निर्देश पर लेवी वसूली, दहशत फैलाने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय थे। हाल ही में रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। छापेमारी टीम में गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानुप्रताप सिंह, उरीमारी थाना प्रभारी रथु उरांव, लोहसिंहना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय और तकनीकी शाखा एवं नक्सल शाखा के पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story