चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रांची में तैनात होंगी आठ क्विक रिस्पांस टीमें

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रांची में तैनात होंगी आठ क्विक रिस्पांस टीमें


चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रांची में तैनात होंगी आठ क्विक रिस्पांस टीमें


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को तेज हवा और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नगर निगम अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें अगले तीन दिनों तक संबंधित शाखाओं को 24 घंटे सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए।

शहर के सभी 53 वार्डों में त्वरित कार्रवाई के लिए चार जोन बनाए गए हैं। प्रत्येक जोन में दो क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी। रात में भी राहत और बचाव संबंधी काम जारी रखने के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। स्वच्छता और हॉर्टिकल्चर शाखा की एक-एक नाइट टीम प्रत्येक जोन में तैनात रहेगी।

निगम ने निचले इलाकों और जलजमाव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। झुके और लटके पेड़ों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। नदियों और बड़े नालों के जलस्तर पर भी नजर रखी जाएगी। जलनिकासी के लिए नालियों की विशेष सफाई कराने को कहा गया है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी , सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर और मोटर पंप सहित जरूरी संसाधन तैयार रहेंगे। नगर निगम का कंट्रोल रूम 1800-570-1235 अगले तीन दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। निगम ने अपील किया कि नागरिक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। तेज हवा और बारिश में पेड़ों, बिजली के खंभों, नदियों और नालों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story