सेवानिवृत्ति के दिन आठ शिक्षकों को मिला सभी रिटायरमेंट लाभ

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्ति के दिन आठ शिक्षकों को मिला सभी रिटायरमेंट लाभ


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में जिले के आठ शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उनके सभी रिटायरमेंट बेनिफिट प्रदान किए गए। जिला प्रशासन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके देय लाभ समय पर और सम्मानपूर्वक उपलब्ध कराना है।

सम्मानित शिक्षकों में पुनम एक्का, सुरेखा कुमारी, युगेश्वर विश्वकर्मा, शिवसागर प्रसाद, शिवनन्दन कुमार, सुनीता चौधरी, विभा तिर्की और सिबिलन मड़की शामिल हैं। सभी को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने शिक्षकों के दीर्घकालीन सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। उन्होंने बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत पर चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग उनके शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास को प्रभावित कर रहा है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को जागरूक होने की जरूरत है।

उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से अपने आसपास के वंचित एवं गरीब बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story