मस्जिदों में अदा की गई ईद की नमाज

WhatsApp Channel Join Now
मस्जिदों में अदा की गई ईद की नमाज


दुमका, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में शनिवार को शांति और भाईचारे के साथ ईद मनाई गई। ईद की नमाज अदा करने के लिए जामा मस्जिद सहित जिले के अन्य मस्जिदों में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। देर रात से ही बारिश होने के कारण इस वर्ष दुधानी के ईदगाह में नमाज अदा नही की गई।

दुमका के जामा मस्जिद में ईद उल फितर के मौके पर इमाम ने कहा कि ईद शांति एवं भाईचारे का त्योहार हैं। जिस तरह रमजान के महीने में हमलोगों ने इबादत की वह जज्बा पूरे साल रखें। जरूरत मंदों की मदद हर वक्त करें। अपनी आमदनी का एक हिस्सा जकात के रूप में गरीबों के बीच बांटें।

रमजान के महीने में हमलोग जिस तरह से गरीबों की सेवा करते हैं, उसें अपनी आदत में शुमार करें ताकि साल भर हम जरूरतमंदों के काम आ सकें। ईद के मौके पर लोगों ने देश-दुनियां में अमन-चैन की दुआ की। ईद को लेकर दुमका और आसपास के क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल रहा। ईद खुशियों और आपसी भाईचारे का त्योहार हैं। राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्त्ता के साथ सभी वर्ग के लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

इस दिन बच्चे, बूढ़े, जवान सभी एक दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देते हैं और मीठी सेवईयां खाकर खुशी का इजहार करते हैं। ईद के मौके पर शहर के जामा मस्जिद के साथ ही जरूवाडीह मस्जिद, खिजुरिया मस्जिद, लखीकुंडी मस्जिद, डंगालपाड़ा मस्जिद, कुमारपाड़ा मस्जिद, राखाबानी मस्जिद, न्यू डंगालपाड़ा मस्जिद, दुधानी मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों के साथ पूरे जिले के विभिन्न मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। जिले के विभिन्न प्रखंडों के ग्रामीण इलाकों में भी ईद का त्योहार प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया गया।

ईद के मौके पर मुहल्लों में की गई थी सजावट

दुमका शहर के कई क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने आसपास के क्षेत्रों की सजावट की ओर डीजे लगाकर जमकर मनोरंजन किया। ईद त्योहार को लेकर फल मंडियों एवं बाजार की काफी संख्या में दुकानें बंद दिखी। मुस्लिम समुदाय के लोग नए-नए वस्त्र पहनकर मौज-मस्ती करते नजर आए। दुमका के श्रीरामपाड़ सहित कइ्र मुहल्ले में खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। खेलकूद में विजेता प्रतिभागी बच्चों काे पुरस्कार दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story