ईद-ए-मिलाद पर निकाला गया जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
ईद-ए-मिलाद पर निकाला गया जुलूस


देवघर, 26 अगस्त (हि.स.)। पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब की जयंति पर मनाया जाने वाला ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) का पर्व जिले में उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को ईद-ए-मिलाद की बधाई दी।

जिले के मधुपुर, सारठ और पालोजोरी प्रखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में ईद-ए-मिलाद के अवसर पर जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। इस दौरान पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं, दया, नेक कार्यों और इंसानियत के संदेश को लोगों तक पहुंचाया गया।

मौके पर मधुपुर में मंत्री हफिजुल हसन ने कहा कि ईद-ए-मिलाद का पर्व हमें एकता,भाईचारे और पवित्रता का संदेश देता है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाते हैं और इस अवसर पर जरूरतमंदों की मदद करने एवं समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लेते हैं।

वहीं विभिन्न जगह निकले गए जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। माइक के माध्यम से पैगंबर साहब के नेक कार्यों और इंसानियत के प्रति उनके संदेशों को लोगों तक पहुंचाया गया। विभिन्न स्थानों पर जुलूस का रोक-रोककर स्वागत भी किया गया। इस दौरान हिन्दू-मुस्लिम सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल पेश की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story