चक्रवात ‘अर्नब’ का असर : झारखंड के 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात ‘अर्नब’ का असर : झारखंड के 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी


- 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, वज्रपात की भी आशंका- रांची में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश, जमशेदपुर में मंगलवार रात से बारिश जारी

रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को राज्य के 15 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

चक्रवात के प्रभाव से रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार तड़के हल्की बारिश हुई। इसके बाद दोपहर में भी रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। देर शाम तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, जमशेदपुर में मंगलवार शाम से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के अगले 48 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा था। इसके आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के निकट तट पार करने का पूर्वानुमान था। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।

चक्रवात के तट पार करने के बाद भी इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी रहने की संभावना है। विशेष रूप से गुरुवार को राज्य के 15 जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

राज्य के प्रमुख जिलों में अधिकतम तापमान की बात करें, तो राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 22.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.6 और न्यूनतम 22.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.5 और न्यूनतम 23.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story