(अपडेट) झारखंड में ठेकेदार संजय डालमिया के घर ईडी की छापेमारी
सरायकेला, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने सरायकेला में शुक्रवार सुबह ठेकेदार संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर छापेमारी की। तीन वाहनों से पहुंची ईडी की टीम ने घर को अपने कब्जे में लेते हुए जांच शुरू की। टीम घर के अंदर विभिन्न स्थानों पर दस्तावेजों एवं अन्य सामानों की जांच कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये का लोन लेने और उसके भुगतान नहीं किए जाने से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। ईडी की टीम मामले से संबंधित वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी देखी गई। टीम की कार्यवाही जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लोन मामले में कारोबारी संजय डालमिया फिलहाल जमानत पर बाहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

