कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी से ईडी की पूछताछ जारी
रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। ईडी की ओर से जारी समन के आलोक में वह सोमवार को ईडी के रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हाजिर हुई, जहां ईडी के अधिकारियों ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरती सिंह से पूछताछ शुरू की।
उल्लेखनीय है कि कोयला घोटाले में दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान ईडी ने 160 करोड़ रुपये के वित्तीय निवेश को फ्रीज कर दिया था। छापेमारी के दौरान मिले निवेश से संबंधित फ्रीज किये गये दस्तावेज में आरती सिंह के नाम पर किया गया निवेश भी शामिल है।
ईडी ने निवेश से संबंधित दस्तावेज के आधार पर आरती सिंह को इससे पहले दो बार समन जारी किया था। हालांकि वह दोनों बार पूछताछ के लिए हाजिर होने के बदले समय की मांग की थी। ईडी के तीसरे समन पर वह 31 अगस्त को पूछताछ के लिए हाजिर हुईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

