रांची में 4 अक्टूबर को अधिवक्ताओं के लिए ई-कोर्ट्स और सीआईएस प्रशिक्षण
रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। रांची के धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल एकेडमी में चार अक्टूबर को अधिवक्ताओं एवं उनके लिपिकों के लिए एक दिवसीय ऑफलाइन ई-कोर्ट्स और केस इन्फॉर्मेशन सिस्टम (सीआईएस ) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य राज्य में अदालती कामकाज के दौरान डिजिटल तकनीकों और ई-कोर्ट सेवाओं के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है।
ज्यूडिशियल एकेडमी के निदेशक राजेश शरण सिंह ने सोमवार को बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर्स’ मॉडल पर आधारित होगा। इस संबंध में राज्य के सभी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा रांची सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त को पत्र जारी कर अधिवक्ता मास्टर ट्रेनरों को कार्यक्रम में शामिल कराने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे से ज्यूडिशियल एकेडमी परिसर में शुरू होगा। इसके लिए राज्य के विभिन्न जिलों और अनुमंडलों के बार एसोसिएशनों से अधिवक्ता मास्टर ट्रेनरों का नामांकन किया गया है। इनमें बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, रांची, गिरिडीह, पाकुड़, साहिबगंज और सिमडेगा सहित अन्य जिला बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था ज्यूडिशियल एकेडमी के हॉस्टल में की जाएगी। यह व्यवस्था प्रशिक्षण कार्यक्रम की पूर्व संध्या से लेकर समापन दिवस की शाम तक रहेगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

