किसान-मजदूरों के संघर्षों के लिए सदैव याद किए जाएंगे दुर्योधन महतो : सुफल

WhatsApp Channel Join Now
किसान-मजदूरों के संघर्षों के लिए सदैव याद किए जाएंगे दुर्योधन महतो : सुफल


गोड्डा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। माकपा और झारखंड राज्य किसान सभा ने वरिष्ठ वामपंथी नेता एवं किसान सभा के नेता दुर्योधन महतो के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी का झंडा झुकाकर उनके संघर्षपूर्ण जीवन और योगदान को याद किया गया।

झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने कहा कि किसान-मजदूरों के हितों के लिए दुर्योधन महतो के संघर्षों को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने पार्टी और किसान सभा के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि दुर्योधन महतो ईमानदार, संघर्षशील और न्यायप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। कठिन परिस्थितियों में भी वे अपनी विचारधारा और सिद्धांतों पर अडिग रहे।

उन्होंने बताया कि दुर्योधन महतो ने पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह मुंडा के नेतृत्व में 1975 से 1977 के दौरान पांच परगना क्षेत्र में चले किसान आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। सेल में नौकरी के लिए चयन होने के बावजूद उन्होंने नौकरी छोड़कर अपना जीवन किसान-मजदूरों और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया।

सुफल महतो के अनुसार, बीमारी के अंतिम दिनों में भी दुर्योधन महतो पार्टी का नवीकरण कराते रहे। वे मार्क्सवादी और समाजवादी विचारधारा में गहरी आस्था रखते थे और जनसंघर्षों में लगातार सक्रिय रहे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में माकपा राज्य कमेटी सदस्य एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य उमेश महतो, माकपा जिला सचिव उमेश महतो, जिला किसान सभा सचिव रतन महतो, जिला काउंसिल सदस्य घुलन पातर, किसान सभा के अंचल अध्यक्ष प्रेमचंद पातर, सचिव बसंत मुंडा सहित अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766782 Articles

Share this story