भारतीय युवक संघ ने स्तंभ एवं भूमि पूजन के साथ दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण का किया शुभारंभ, इस वर्ष बनेगी बृहदेश्वर मंदिर की प्रतिकृति

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय युवक संघ ने स्तंभ एवं भूमि पूजन के साथ दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण का किया शुभारंभ, इस वर्ष बनेगी बृहदेश्वर मंदिर की प्रतिकृति


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार परिसर की ओर से आयोजित होने वाली 68वीं दुर्गा पूजा की तैयारियां बुधवार को विधिवत स्तंभ पूजन एवं भूमि पूजन के साथ शुरू हो गईं। संघ के सचिव रवि रोहत्गी ने पूजा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्तंभ पूजन और भूमि पूजन कर पूजा पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आह्वान किया और आयोजन के सफल संपन्न होने की कामना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमहापौर नीरज कुमार और वार्ड पार्षद सुनील यादव शामिल हुए। भारतीय युवक संघ की ओर से विनोद छापड़िया, राजेश बुधिया और राकेश गोयल सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

संघ के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि भारतीय युवक संघ पिछले 68 वर्षों से बकरी बाजार परिसर में भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूजा पंडाल का निर्माण तमिलनाडु के तंजौर स्थित विश्वप्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। यह थीम श्रद्धालुओं और कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

राहुल अग्रवाल ने बताया कि पंडाल को इस प्रकार डिजाइन किया जा रहा है कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। पंडाल निर्माण कार्य में 150 से अधिक कारीगर जुटेंगे, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे अंतिम रूप देंगे।

महापौर रोशनी खलखो ने भारतीय युवक संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से भारतीय संस्कृति, धर्म और परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों की प्रतिकृति तैयार कर संघ नई पीढ़ी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का सराहनीय कार्य करता है।

कार्यक्रम के अंत में संघ के संरक्षक शंभू अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से हर वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन और अधिक भव्य स्वरूप में संपन्न होता है।

इस अवसर पर संस्था के अरविंद चौधरी, अमर पोद्दार, कमल जालान, अमित सोनी, सिद्धांत तोदी, विवेक अग्रवाल, रोहित गोयंका, संजय चौधरी, अमित बजाज, दीपक चौधरी, चंदन चौधरी, पवन सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story