कल्पना लोक दुर्गा पूजा समिति मनाएगी 57वां महोत्सव, 16 अक्टूबर को राज्यपाल गंगवार करेंगे पंडाल का उद्घाटन
रांची, 15 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के पिंजरा पोल गौशाला स्थित ऐतिहासिक कल्पना लोक दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष अपना 57वां दुर्गा पूजा महोत्सव भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाएगी। महोत्सव की तैयारियों के तहत गुरुवार को समिति की ओर से विशेष पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर रांची सहित पूरे झारखंड के श्रद्धालुओं को सपरिवार पूजा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
समिति के मुख्य संरक्षक दीपक बंका ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल और मां भगवती का दरबार आकर्षक रूप में सजाया जा रहा है। इसके निर्माण और सजावट में समिति के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि षष्ठी तिथि, शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 को शाम छह बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पूजा पंडाल का उद्घाटन करेंगे। वहीं, महाअष्टमी के अवसर पर रविवार 18 अक्टूबर को शाम सात बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें सैकड़ों महिलाएं एक साथ मां दुर्गा की आरती करेंगी।
दीपक बंका ने कहा कि नौ दिनों तक चलने वाले महोत्सव में विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी होगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूजा महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव, सचिव पवन मुरारका, मुख्य संयोजक सुमित सिंह, कोषाध्यक्ष समीर सागर, एकांश कुमार, संरक्षक रोहित सिंह, मिनी सिंह, आलोक सिंह और विनय काबरा उपस्थित थे। इसके अलावा उपाध्यक्ष दिवा शंकर ओझा, गौरव शर्मा, आशुतोष द्विवेदी, पंकज बंका और रवि कुमार सहित समिति के कई अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

