डूरंड कप-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन, 26 जुलाई से रांची में होगा मुकाबलों का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
डूरंड कप-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन, 26 जुलाई से रांची में होगा मुकाबलों का आगाज


रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची में आयोजित होने वाले डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के 135वें संस्करण की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों एवं अतिथियों के आवास, आमंत्रण पत्र वितरण तथा सुरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

सचिव ने मैचों के कार्यक्रम के अनुरूप विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही रांची नगर निगम को स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

टूर्नामेंट को लेकर आम लोगों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय थल सेना की ओर से 18 जुलाई को रांची में 'ट्रॉफी टूर' का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डूरंड कप की ट्रॉफी को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से निकाला जाएगा, ताकि नागरिकों को देश के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट से जोड़ते हुए खेल के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाया जा सके।

बैठक में स्वास्थ्य, विद्युत, पर्यटन, खेल, संस्कृति, सूचना एवं जनसंपर्क, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

अधिकारियों का मानना है कि रांची में डूरंड कप का आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं के बीच फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी की क्षमता को भी मजबूत करेगा।

बैठक में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, भारतीय सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story