हेमंत सोरेन की सरकार मेरी हत्या कराने की रच रही है साजिश : दुलाल भुईयां

WhatsApp Channel Join Now
हेमंत सोरेन की सरकार मेरी हत्या कराने की रच रही है साजिश : दुलाल भुईयां


-भुइयां समाज की महापंचायत में सुरक्षा हटाने का मुद्दा उठा

कोडरमा, 08 सितंबर (हि.स.)। झुमरी तिलैया के ब्लॉक रोड स्थित साहू भवन में मंगलवार को भुइयां समाज की महापंचायत आयोजित हुई। इसमें समाज की एकजुटता, शिक्षा, आर्थिक मजबूती और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

महापंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार उनकी हत्या की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा में तैनात सरकारी अंगरक्षक को हटा दिया गया है, जबकि वह दो बार मंत्री और तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने सुरक्षा हटाए जाने को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

दुलाल भुइयां ने कहा कि वह लंबे समय से दलित, पिछड़े और वंचित समाज के अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं। समाज को संगठित करने के उद्देश्य से वह लगातार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में सुरक्षा हटाया जाना चिंता का विषय है।

दुलाल भुइयां ने अंगरक्षक हटाए जाने के विरोध में राज्य के सभी 24 जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन की तिथि केंद्रीय कमेटी तय करेगी।

महापंचायत में दुलाल भुइयां ने समाज के प्रत्येक परिवार से प्रतिदिन एक मुट्ठी चावल और एक रुपये का योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे एकत्र राशि और अनाज का उपयोग गरीबों के कल्याण, शिक्षा तथा सामाजिक उत्थान के कार्यों में किया जाएगा।

उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता मजबूत करने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुइयां सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, सदस्य, महिला समाजसेवी और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए समाज के लोग मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story