ओवरलोडिंग पर डीटीओ ने वसूला 4.18 लाख का जुर्माना
रामगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कडा रुख अपनाया है। डीटीओ अनुराग कुमार तिवारी ने गोला–सिकिदरी फोरलेन पर भारी और ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर त्वरित कार्रवाई की गई। पकड़े गए गाड़ियों पर 4.18 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग पर रोक और यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह साफ संकेत गया है कि अब नियमों के उल्लंघन पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।
अभियान के दौरान विशेष रूप से ट्रक, ट्रेलर, डंपर जैसे भारी मालवाहक वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच में कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोते पाए गए, जो न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल
4,18,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अधिकारियों ने मौके पर ही वाहन के कागजातों की जांच कर दोषी पाए जाने पर जुर्माना लगाया।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग तिवारी ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। इससे न केवल आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़कों और पुल-पुलियों को भी भारी नुकसान होता है। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील किया कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और ओवरलोडिंग से पूरी तरह बचें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले के विभिन्न हिस्सों में ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

