डीएसपीएमयू की शैक्षणिक अव्यवस्था पर शिक्षामंत्री से मिला आदिवासी छात्र संघ
रांची, 30 जुलाई (हि.स.)।
आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में शैक्षणिक और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के विरोध में गुरुवार को अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर छह सूत्री मांगपत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान विवेक तिर्की ने कहा कि विश्वविद्यालय लंबे समय से शैक्षणिक अव्यवस्था, प्रशासनिक उदासीनता और छात्रों के अधिकारों की अनदेखी का शिकार है, जिससे पढ़ाई, शोध, रोजगार और विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी छात्र संघ छात्रहित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी प्रशासन के लिए संघर्ष कर रहा है।
संघ ने कुड़ुख, संथाली, नागपुरी सहित झारखंडी भाषाओं एवं बीबीए, एमबीए, कंप्यूटर साइंस और कॉमर्स में सीट कटौती वापस लेने, गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में संलिप्त शिक्षकों की जांच, बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू करने, छात्रों पर दर्ज कथित झूठे मामलों को वापस लेने, एआईसीटीई से संबंधित पाठ्यक्रमों की मान्यता पूरी कराने एवं एक व्यक्ति-एक पद का सिद्धांत लागू करने की मांग की।
शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मांगों को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि छात्रसंघ चुनाव की तैयारी चल रही है, स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज की जाएगी और कुड़ुख विभाग में सीटें बहाल करने सहित अन्य मुद्दों पर सकारात्मक पहल होगी। विवेक तिर्की ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर छात्र संघ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व छात्रसंघ सचिव सीमा मुर्मू सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

