डीएसपीएमयू में आदिवासी छात्र संघ का ताला-बंदी प्रदर्शन, फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
डीएसपीएमयू में आदिवासी छात्र संघ का ताला-बंदी प्रदर्शन, फूंका पुतला


रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में गुरुवार को आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) ने अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में ताला-बंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलपति एवं खेल विभाग के समन्वयक का पुतला दहन किया तथा चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। छात्रों ने खेल विभाग में कथित अनियमितताओं, अवैध वसूली और महिला छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एसीएस अध्यक्ष विवेक तिर्की सहित अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि खेल शिक्षक परमेश्वर महतो ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल कराने के नाम पर खिलाड़ियों से अवैध रूप से धन की वसूली की। साथ ही महिला छात्राओं ने उनके खिलाफ यौन शोषण तथा खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। खेल प्रमाण-पत्र बाहरी लोगों को कथित रूप से पैसे लेकर जारी करने का भी आरोप लगाया गया। विवेक तिर्की ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को कुलपति राजीव मनोहर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी तथा 5 जून को राज्यपाल से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि गठित जांच समिति की रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गई है। कार्यक्रम में एसीएस एवं विभिन्न छात्र संगठनों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story