झारखंड में बदला मौसम, बूंदाबांदी से मिली राहत, 30 अप्रैल तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में बदला मौसम, बूंदाबांदी से मिली राहत, 30 अप्रैल तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट


रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बीच मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।

मौसम विभाग ने 29 और 30 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय दबाव प्रणाली के प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और खुले स्थानों पर खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है, खासकर वज्रपात के समय।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो धनबाद जिले के मैथन में सबसे अधिक 4.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा डाल्टनगंज में 2.8 मिमी, चंदनकियारी में 2.6 मिमी, कोलेबिरा में 2.0 मिमी और नामकुम में 1.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य कई इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने 5 मई तक राज्यभर में गर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इस अवधि के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जिससे लोगों को लगातार मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 41.5 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 44.8 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 40.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 43.4 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। आने वाले दिनों में मौसम के इस बदलाव से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, हालांकि सतर्कता बनाए रखना जरूरी होगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story