ट्रैक्टर पलटने से चालक और मजदूर की मौत
दुमका, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के जामा थाना क्षेत्र के सिताकोहबर गांव के समीप सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। मयूराक्षी नदी से बालू लाने के लिए जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक और एक मजदूर की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय कमल सोरेन एवं 38 वर्षीय परमेश्वर मरांडी के रूप में हुई।
मृतक थाना क्षेत्र के जरूवाडीह गांव निवासी है। जानकारी के अनुसार दोनों ट्रैक्टर पर सवार होकर मयूराक्षी नदी की ओर बालू लाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलट गया। जिससे दोनों उसकी चपेट में आने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

