मानसून से पूर्व जेसीबी से कराई जा रही नाले की साफ-सफाई

WhatsApp Channel Join Now
मानसून से पूर्व जेसीबी से कराई जा रही नाले की साफ-सफाई


रांची, 22 मई (हि.स.)।

आगामी मॉनसून को देखते हुए रांची नगर निगम की ओर से शहरभर में नालियों एवं बड़े नालों की विशेष सफाई अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों से गाद हटाने तथा संभावित जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को विभिन्न वार्डों में जेसीबी मशीन एवं अन्य संसाधनों की मदद से बड़े नालों की व्यापक सफाई कराई गई। वार्ड संख्या 23 के हिंदपीढ़ी स्थित हरमू नदी क्षेत्र में नालों से भारी मात्रा में गाद एवं कचरा हटाया गया। वहीं वार्ड संख्या 40 के ओल्ड विधानसभा क्षेत्र और सेक्टर-3 मार्केट के समीप नालों की विशेष सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।

इसके अलावा वार्ड संख्या 05 के बांधगाड़ी क्षेत्र में अवरुद्ध जल प्रवाह को बहाल करने के लिए नालों की सफाई की गई, जबकि वार्ड संख्या 32 में बड़े नाले की व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम ने नालों से निकलने वाले कचरे एवं गाद का त्वरित उठाव भी कराया जा रहा है, ताकि दोबारा नालियां जाम न हों।

नगर निगम ने नागरिकों से नालों में कचरा एवं प्लास्टिक नहीं फेंकने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story