नागपुरी विभाग में मनी डॉ विशेश्वर प्रसाद केशरी की जयंती
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा केन्द्र स्थित स्नातकोत्तर नागपुरी विभाग में बुधवार को नागपुरी भाषा-साहित्य के पुरोधा और टीआरएल विभाग के प्रथम प्रभारी विभागाध्यक्ष रहे डॉ विशेश्वर प्रसाद केशरी की 93 वीं जयंती मनाई गई।
इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षक, शोधार्थी, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ बीरेन्द्र कुमार महतो ने कहा कि डॉ केशरी ने अपने शोध, लेखन और शिक्षण के माध्यम से नागपुरी भाषा एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके शैक्षणिक और साहित्यिक मूल्य आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
खोरठा विभागाध्यक्ष डॉ कुमारी शशि, रांची विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ किशोर सुरिन, कुरमाली विभागाध्यक्ष डॉ तारकेश्वर सिंह मुंडा, डॉ सरस्वती गागराई, डॉ दिनेश कुमार और डॉ करम सिंह मुण्डा ने भी डॉ केशरी के साहित्यिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन का अग्रदूत बताया।
डॉ बिरेन्द्र ने मंच का संचालन किया। विषय प्रवेश डॉ मनोज कच्छप ने कराया।
इस अवसर पर नागपुरी विभागाध्यक्ष डॉ उमेश नन्द तिवारी, डॉ अर्चना कुमारी, डॉ नकुल कुमार, गुरूचरण पूर्ति, शकुंतला बेसरा सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

