सोयाबीन अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अरविंद कुमार सिंह को फेलो अवार्ड

WhatsApp Channel Join Now
सोयाबीन अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अरविंद कुमार सिंह को फेलो अवार्ड


रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। रांची स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के सस्य (एग्रोनॉमी) विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार सिंह को सोयाबीन अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित फेलो अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

यह सम्मान उन्हें हैदराबाद स्थित प्रोफेसर जयाशंकर तेलंगाना कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित सोयाबीन विषयक अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (एआईसीआरपी) की वार्षिक समूह बैठक के दौरान प्रदान किया गया।

सोयाबीन सोसाइटी ऑफ रिसर्च एंड डेवलपमेंट, इंदौर द्वारा प्रायोजित इस अवार्ड को राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान के निदेशक और समिति के अध्यक्ष डॉ. केएच सिंह ने 7 अप्रैल को उन्हें प्रदान किया।

डॉ. अरविंद कुमार सिंह पिछले 22 वर्षों से बीएयू में शिक्षण एवं अनुसंधान कार्यों से जुड़े हुए हैं। सोयाबीन फसल के उन्नत उत्पादन, प्रबंधन तकनीकों और अनुसंधान के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।

विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story