चिकित्सकों की मांगों पर आर-पार की तैयारी, 22 से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
रामगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और लंबित मांगों के समाधान को लेकर चिकित्सा जगत ने आंदोलन तेज कर दिया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), रामगढ़ शाखा ने बुधवार को मदर एंड चाइल्ड हेल्थकेयर सेंटर में प्रेस वार्ता कर संयुक्त चिकित्सा आंदोलन के अगले चरणों की जानकारी दी। आईएमए के नेतृत्व में जिले के सरकारी और निजी चिकित्सक 13 अक्टूबर से काला बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं। इस दौरान मरीजों की सेवाएं पूर्ववत जारी हैं। आंदोलन के तहत शाखा के पदाधिकारी उपायुक्त को 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। चिकित्सक संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 22 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार का प्रस्ताव है।
आईएमए की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 13 से 20 अक्टूबर तक चिकित्सक काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। 15 से 20 अक्टूबर तक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 21 अक्टूबर को राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम प्रस्तावित है। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 22 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जा सकता है।
चिकित्सक संगठनों की मांगों में झारखंड मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन, अस्पतालों में पर्याप्त सुरक्षा और चिकित्सकों पर हिंसा की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई प्रमुख है। इसके अलावा क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट में व्यावहारिक सुधार कर छोटे अस्पतालों और क्लीनिकों को राहत देने की मांग की गई है।
चिकित्सकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों और दंत चिकित्सकों के लिए डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (डीएसीपी) लागू करने, आयुष्मान भारत योजना के लंबित दावों का भुगतान करने और पैकेज दरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया है।
आईएमए रामगढ़ शाखा ने स्पष्ट किया कि आंदोलन मरीजों या स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य चिकित्सकों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना, बेहतर कार्य-परिस्थितियां उपलब्ध कराना और आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा दिलाना है। चिकित्सक संगठनों ने सरकार से मांगों के समयबद्ध समाधान की अपील की है। आंदोलन के दौरान आपातकालीन और जीवनरक्षक सेवाएं पूर्ववत जारी रखने की बात कही गई है।
मौके पर आईएमए रामगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ सुधीर आर्या, सचिव डॉ दिनेश कुमार, हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ़ इंडिया रामगढ़ अध्यक्ष डॉ मृत्युंजय कुमार, डॉ पंकज कुमार मंडल, डॉ नागेन्द्र पंडित, डॉ गौतम उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

