रांची में जनता दरबार लगाकर डीसी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, दिव्यांग युवक को दी इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

WhatsApp Channel Join Now
रांची में जनता दरबार लगाकर डीसी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, दिव्यांग युवक को दी इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल


- जमीन, पेंशन और राजस्व संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा के बाद सोमवार को रांची समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजन्त्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल भी दी।

इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से कुलवंश कुमार महतो को आवागमन में सुविधा होगी और दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी। सहायता मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनता दरबार में दाखिल-खारिज, जमीन पर अवैध कब्जा, ऑनलाइन लगान रसीद जारी करने, पंजी-2 में सुधार और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) और अंचल अधिकारियों (सीओ) को लंबित मामलों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों के साथ राजस्व संबंधी मामलों का भी निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दरबार में अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मुंडा की हत्या के आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राजस्व कर्मचारी भी पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त के समक्ष अपनी मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

इसी क्रम में आंगनबाड़ी सेविका के चयन में अनियमितता की शिकायत मिलने पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया।

वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायतों पर उपायुक्त ने बताया कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों के बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा।

जनता दरबार में ग्रामीण क्षेत्रों सहित जिले के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतों का जल्द समाधान किया जाए।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story