भाजपा ने प्रदेश कार्यालय में सभी नव निर्वाचित 27 जिला अध्यक्षों का किया अभिनंदन
रांची, 11 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को पार्टी के सभी 27 नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों का अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू,क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने जिलाध्यक्षों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया । साथ ही उनके यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं की।
नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के नेताओं ने बधाई शुभकामनाएं दी ।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जो रिपोर्ट सामने आए हैं उसमें राज्य के 72 विधानसभा क्षेत्रों की डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि 2019 से 24 के बीच इस विधानसभा में 10प्रतिशत की मतदाता वृद्धि हुई है लेकिन जब गहराई से देखेंगे तो गैर मुस्लिम मतदाताओं में जहां सात प्रतिशत की वृद्धि हुई है वहीं मुस्लिम मतदाताओं में 78 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी प्रकार से प्रत्येक विधानसभा में वृद्धि अप्रत्याशित दिख रही जो बता रहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देकर मतदाता बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य वृद्धि नहीं बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है।
उन्होंने बैठक में शामिल जिलाध्यक्षों को चुनाव आयोग के साथ मिलकर अवैध मतदाताओं को चिन्हित कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।
48 नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत दिलाने का लें संकल्प:आदित्य
भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कहा कि नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को संकल्प लेने की जरूरत है। आगामी निकाय चुनाव में सभी 48 नगर निकाय की सीटों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रचंड जीत हो।
उन्होंने राज्य की निकम्मी सरकार के वादा खिलाफी,लूट भ्रष्टाचार को उजागर करने का आह्वान किया। साहू ने इंडी गठबंधन के लोग जिसमें कांग्रेस झामुमो राजद शामिल हैं एसआईआर के खिलाफ जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। चुनाव आयोग निष्पक्ष संस्था है और कांग्रेस के लंबे कार्यकाल में भी एस आई आर होता रहा है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर भारत के निवासी मतदाताओं के लिए कोई परेशानी वाला पुनरीक्षण नहीं है।देश के नागरिक को इससे कोई दिक्कत नहीं है लेकिन जो दल घुसपैठियों को वोट बैंक बना चुके हैं उन्हें दिक्कत हो रही है।
उन्होंने कहा कि साहेबगंज के केवल उधवा प्रखंड में 78 प्रतिशत मतदाता वृद्धि सवाल खड़ी करती है।एसआईआर से ही इसका समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि एस आई आर को दल से जोड़ कर नहीं देखा जाना चाहिए।मतदाता सूची में सुधार सभी दलों की जिम्मेवारी है।जो भारत का नागरिक नहीं वह मतदाता भी नहीं हो सकता।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी एस आई आर की प्रक्रिया एवं उसकी बारीकियों,उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वहीं दूसरी ओर मंच पर उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को जन्मदिन पर पुष्पगुच्छ देकर बधाई और शुभकामनाएं दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

