रामगढ़ टाउन हॉल में आयोजित होगा जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ टाउन हॉल में आयोजित होगा जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव


रामगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)।

रामगढ़ जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 09 अगस्त को टाउन हॉल में जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीसी ने कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। सभी विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, कला एवं विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में कार्यक्रम का आयोजन गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से किया जाए।

डीसी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा।

बैठक के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक लोकनृत्य एवं संगीत, आदिवासी संस्कृति एवं हस्तशिल्प के प्रदर्शन सहित कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने एवं कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, संवर्धन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करना है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story