रिम्स में 60 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स में 60 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सोमवार को सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिज़ाइन इंस्टीट्यूट (सीएमपीडीआई) के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) सहयोग और आरके एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में निक्षय पोषण योजना के तहत क्षयरोग (टीबी) मरीजों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 60 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. सिद्धेश्वर बास्की के नेतृत्व तथा रिम्स के टीबी एवं चेस्ट विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश मिश्रा की देखरेख में किया गया। डॉट्स केंद्र के प्रभारी डॉ. टी.के. मिश्रा ने मरीजों को पोषण किट वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में दवाओं के साथ संतुलित पोषण की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और कॉरपोरेट क्षेत्र के सहयोग से मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में मदद मिल रही है।

इस अवसर पर प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर दीपक कुमार ने बताया कि आरके एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर के माध्यम से पिछले पांच महीनों में रांची जिले के 1,550 टीबी मरीजों को नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना और 'टीबी मुक्त भारत' अभियान को गति देना है।

कार्यक्रम में प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर दीपक कुमार, गुड्डू ठाकुर, उत्सव राज, संस्थान के प्रतिनिधियों तथा रिम्स डॉट्स केंद्र के टीबीएचवी संजय कुमार झा, बसंत भगत, एएनएम बेबी, लैब टेक्नीशियन राजवंश राम, अंजना मेरी टोप्पो, वेरोनिका तिग्गा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मरीजों से नियमित दवा लेने, पौष्टिक आहार अपनाने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की अपील भी की गई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story