रांची के पुंदाग स्थित प्रणामी मंदिर में अन्नपूर्णा खिचड़ी भोग सेवा जारी

WhatsApp Channel Join Now
रांची के पुंदाग स्थित प्रणामी मंदिर में अन्नपूर्णा खिचड़ी भोग सेवा जारी


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में बुधवार को श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि पिछले तीन महीनों से मंदिर में प्रतिदिन खिचड़ी भोग का वितरण किया जा रहा है। बुधवार को भी इसी क्रम में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।

उन्होंने जानकारी दी कि 20 दिसंबर 2025 से मंदिर में अन्नपूर्णा वेजिटेबल खिचड़ी भोग सेवा नियमित रूप से संचालित हो रही है। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय द्वारा विधिवत भोग लगाया जाता है, जिसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है।

प्रवक्ता संजय सर्राफ के अनुसार, ट्रस्ट के संस्थापक स्वामी डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य में यह सेवा निरंतर जारी है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 400 श्रद्धालु खिचड़ी भोग ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट द्वारा पिछले पांच वर्षों से प्रत्येक रविवार को ‘श्री कृष्णा प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद भंडारा’ का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे धार्मिक वातावरण और सेवा भावना दोनों ही सशक्त रूप से परिलक्षित हो रहे हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story