सेंट जेवियर कॉलेज में 100 फलदार पौध-वितरण

WhatsApp Channel Join Now
सेंट जेवियर कॉलेज में 100 फलदार पौध-वितरण


रांची, 03 जुलाई (हि.स.)।

सेंट जेवियर कॉलेज में पुरुलिया रोड में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की बात पर शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त का विशेष सहयोग रहा। नगर निगम और प्रिज्मोलॉइन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही प्रिज्मोलॉइन और 1/3 कंपनी एनसीसी ने पर्यावरण संरक्षण पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार में प्रिज्मोलॉइन के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषभ सिंघानिया ने पर्यावरण के गिरते स्तर और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि आज के समय में पेड़ सिर्फ हरियाली के लिए नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व को बचाने के लिए जरूरी हैं। धरती के बढ़ते तापमान को रोकने और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा व पानी देने का एकमात्र उपाय बड़े पैमाने पर पाैधारोपण करना है। मौके पर सेंट जेवियर कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ फादर अजय मिंज (एसजी) ने कहा कि यदि आज हम जागरूक नहीं हुए, तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। सेमिनार में सैकड़ों छात्र-छात्राओं को पर्यावरण को सुरक्षित रखने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, साथ ही पर्यावरण की रक्षा के प्रति सभी विद्यार्थियों को संकल्प दिलाते हुए शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में प्रिज्मोलॉइन के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषभ सिंघानिया, डायरेक्टर (एचआर एंड एडमिन) स्नेहा सिंघानिया, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट मोनिका सोनी, सेंट जेवियर कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ फादर अजय मिंज (एसजी), एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन डॉ प्रिया श्रीवास्तव सहित बडी संख्या में छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story