अरगोड़ा में डिजनीलैंड के प्रारूप पर बनेगा दुर्गा पूजा पंडाल, 14 फीट ऊंची होगी मां दुर्गा की प्रतिमा
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक और भव्य पंडालों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में अरगोड़ा में इस वर्ष श्रद्धालुओं को डिजनीलैंड के प्रारूप पर तैयार किया जा रहा भव्य पूजा पंडाल आकर्षित करेगा। पंडाल के निर्माण में बंगाल से आए कारीगर जुटे हुए हैं और इसे महलनुमा स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
अरगोड़ा दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति के अध्यक्ष प्रकाश साहू ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल की ऊंचाई करीब 50 फीट, चौड़ाई 30 फीट और लंबाई 40 फीट होगी। पंडाल का बाहरी हिस्सा सफेद रंग का रखा जाएगा, जबकि इसके गुंबद को नीले रंग से सजाया जाएगा। पंडाल के अलग-अलग हिस्सों में माता दुर्गा के झंडे लगाए जाएंगे, जो इसकी भव्यता को और बढ़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि पंडाल के मध्य भाग में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पंडाल के अंदर महलनुमा आकृति तैयार की जा रही है, जिसके बीच बड़े मंच पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित होगी। इस वर्ष मां दुर्गा की प्रतिमा करीब 14 फीट ऊंची होगी। प्रतिमा निर्माण की जिम्मेदारी प्रसिद्ध मूर्तिकार जगदीश चंद्र पाल को दी गई है।
समिति के अनुसार, पूरे पूजा आयोजन और पंडाल निर्माण पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें लगभग आठ लाख रुपये लाइटिंग, 17 लाख रुपये पंडाल निर्माण, 3.5 लाख रुपये पूजा-पाठ और करीब 1.5 लाख रुपये प्रतिमा निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। समिति की ओर से पंडाल के साथ प्रकाश सज्जा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शाम के समय इसकी आकर्षक छटा श्रद्धालुओं को देखने को मिले।
प्रकाश साहू ने बताया कि पंडाल निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। बंगाल के कारीगर पंडाल को निर्धारित प्रारूप में तैयार करने में जुटे हैं। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति की ओर से आयोजन की अन्य तैयारियां भी की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए समिति की ओर से पंचमी से लेकर विजयादशमी तक छऊ नृत्य का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतिदिन शाम छह बजे से शुरू होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक चलेगा। समिति का प्रयास है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद मिल सके।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

