नेवरी रिंग रोड का गोलचक्कर होगा 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक', 14 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
नेवरी रिंग रोड का गोलचक्कर होगा 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक', 14 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा


रांची, 04 अगस्त (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची की ओर से मंगलवार को झारखंड राज्य के निर्माता एवं पद्मभूषण से सम्मानित स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर नेवरी रिंग रोड स्थित चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम में घोषणा की गई कि नेवरी रिंग रोड स्थित गोलचक्कर का नाम अब 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक' होगा। साथ ही यहां दिशोम गुरु की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा स्थापित कर चौक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य तथा राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

विनोद कुमार पांडेय ने इस मौके पर कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड के स्वाभिमान, अस्मिता और पहचान के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती के अवसर पर प्रस्तावित प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा ले सकें।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष, त्याग और सम्मान की लड़ाई झारखंड की पहचान का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि उनके विचार और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

झामुमो रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंदों के बीच साड़ी और लूंगी का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में अंतु तिर्की, महावीर विश्वकर्मा, कलाम आजाद, कुदूस अंसारी, मंटू लाला, आदिल इमाम, विलियम रिचर्ड लकड़ा, तालकेश्वर महतो, कांके प्रखंड अध्यक्ष नवीन तिर्की, ओरमांझी प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर महतो, नरेश यादव, बुंडू प्रखंड अध्यक्ष कोलेश्वर मुंडा, नामकुम प्रखंड अध्यक्ष चामू बेक सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story