रिम्स-2 बनाने के लिए एशियन बैंक से सालभर से किया जा रहा था संवाद : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स-2 बनाने के लिए एशियन बैंक से सालभर से किया जा रहा था संवाद : इरफान


रांची, 02 जुलाई (हि.स.)।

झारखंड सरकार की कैबिनेट ने बहुप्रतीक्षित रिम्स-2 परियोजना को मंजूरी देते हुए गुरूवार को 4,189 करोड़ 41 लाख 26 हजार 604 रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स-2 परियोजना को मंजूरी मिलने पर इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार संवाद, योजना और समन्वय किया जा रहा था।

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से वर्षों पुराना सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रिम्स-2 केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा, गंभीर मरीजों को दूसरे राज्यों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी तथा एमबीबीएस, पीजी और सुपर स्पेशियलिटी सीटों में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रिम्स-2 पूर्वी भारत के प्रमुख चिकित्सा, शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और चिकित्सा शिक्षा को नई गति मिलेगी। मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में नया इतिहास लिखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story