नगर निगम चुनाव में सोच-समझकर करें मतदान : निराला

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम चुनाव में सोच-समझकर करें मतदान : निराला


रांची, 04 फ़रवरी (हि.स.)। रांची सिटीजन फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने नगर निगम चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाताओं से जागरूक होकर सोच समझकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बुधवार को प्रेस विज्ञप्‍त‍ि जारी कर कहा कि अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी मतदाताओं की है कि वे यह तय करें कि उनके वार्ड के लिए कौन प्रत्याशी वास्तव में काम कर रहा था और कौन अब केवल चुनाव के समय सक्रिय हुआ है।

निराला ने कहा कि वोट देने से पहले बीते वर्षों की जमीनी हकीकत को जरूर याद किया जाना चाहिए। पूरे शहरी क्षेत्र में हल्की बारिश में भी जलजमाव, गर्मी में गंभीर पेयजल संकट, कूड़ा-कचरा का अनियमित उठाव, जर्जर और गड्ढा युक्त सड़कें आम समस्या बनी हुई हैं। कई मुहल्लों में नियमित सफाई नहीं होती, खुली नालियां और अव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम लोगों के लिए परेशानी का कारण हैं। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना के बावजूद कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच रहा है। संकरी और अतिक्रमित गलियों में एंबुलेंस व स्कूल बस तक नहीं जा पाती। स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, आवारा कुत्तों का आतंक है, पार्क और तालाब खत्म हो रहे हैं। अपराध, ट्रैफिक जाम, खराब सामुदायिक शौचालय, भवन नियमितीकरण, रोजगार सृजन और नागरिक सेवाओं की बदहाल स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों के आधार पर मतदाता अपने जनप्रतिनिधि का चयन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story