झारखंड की राजनीतिक ताकत बढायेगा परिसीमन : सुदेश

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड की राजनीतिक ताकत बढायेगा परिसीमन : सुदेश


रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने लोकसभा और विधानसभा की सीटों में प्रस्तावित वृद्धि का स्वागत करते हुए इसे झारखंड के लोकतांत्रिक सशक्तिकरण और जनप्रतिनिधित्व के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

उन्होंने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के तहत झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर लगभग 122 होने की संभावना है। यह बदलाव राज्य की जनता को लोकतांत्रिक संस्थाओं में अधिक प्रतिनिधित्व प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे क्षेत्रीय समस्याओं, स्थानीय जनआकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को संसद एवं विधानसभा में अधिक प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं जवाबदेही को भी मजबूती मिलेगी।

सुदेश ने महिला राजनीतिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व के पक्षधर रहे हैं।

लगभग 16 वर्ष पूर्व झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री के दायित्व का निर्वहन करते हुए पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना उनके राजनीतिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। इससे हजारों महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में आगे आने और अपने गांव, पंचायत एवं समाज के विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का अवसर मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785057 Articles

Share this story