जिनालय में 12 को होगा दीक्षार्थी अभिनन्दन समारोह

WhatsApp Channel Join Now
जिनालय में 12 को होगा दीक्षार्थी अभिनन्दन समारोह


रामगढ़, 11 अप्रैल (हि.स.)। दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में शहर के मेन रोड स्थित जिनालय में जेनेश्वरी दीक्षा समारोह में दीक्षित होने वाले दो सहभागियों के आगमन पर रविवार को दीक्षार्थी अभिनन्दन समारोह सह बिंदौरी उत्सव का भव्य आयोजन होगा।

उक्त कार्यक्रम की जानकारी शनिवार को जैन समाज के सचिव योगेश सेठी ने दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के बाद 18 अप्रैल को शाश्वत तीर्थ क्षेत्र सम्मेद शिखर जी स्थित गुणायतन परिसर में परम पूज्य गुरुदेव 108 श्री प्रमाण सागर जी के सानिध्य में होने वाले जेनेश्वरी दीक्षा समारोह में दीक्षित होने वाले दो सहभागियों का स्वागत किया जाएगा। बताया कि हमारे जैन धर्म का मूल सार संयम, तप और त्याग है। हमारे धर्म की इस मूल अवधारणा को प्रतिफलित करते हुए बाल ब्रह्मचारी सारांश और रूपेश अपने गृहस्थ सुख का परित्याग कर मुनि दीक्षा की ओर अग्रसर हैं।

सेठी ने बताया कि यह हमारा परम सौभाग्य है कि ऐसे त्यागी विभूतियों का हमारे रामगढ़ जिनालय में आगमन होने जा रहा है। समस्त जैन समाज ऐसी विभूतियों का अभिनन्दन करने के लिए लालायित है। रविवार को प्रातः इन दीक्षार्थियों का सामाजिक अभिनन्दन किया जाएगा। इसके बाद दीक्षार्थियों के सम्मान में भव्य बिंदौरी उत्सव आयोजित कर उनका नगर भ्रमण कराया जाएगा। नगर भ्रमण के बाद गोद भराई का कार्यक्रम होगा। समस्त धार्मिक आयोजन पंडित अशोक शास्त्री के निर्देशन में होंगे। सेठी ने सभी नगरवासियों से यह अपील की है कि इन बाल दीक्षार्थियों के सामाजिक अभिनन्दन में सभी नगरवासी अपना बहुमूल्य योगदान दें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष राजू पाटनी, सुनील छाबड़ा, सौरभ अजमेरा, विकास रापरिया, अमित कला और देवेन्द्र गंगवाल पूर्ण प्रयासरत हैं। उपरोक्त जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story