धरती आबा की जयंति पर अभाविप ने किया दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
धरती आबा की जयंति पर अभाविप ने किया दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन


दुमका, 11 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर खेलो भारत के तहत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् जिला इकाई ने दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता पोखरा चौक से शुरू होकर भगवान बिरसा मुंडा चौक तक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन साह ने की।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच शारीरिक फिटनेस, खेल भावना, अनुशासन और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर डॉ संजीव सिंह ने कहा कि आज हम सभी एक ऐसे महान व्यक्तित्व को याद करने और नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपनी अल्पायु में ही देश, समाज और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया।

खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार ने कहा कि खेल का अर्थ केवल जीत और हार नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और कभी हार न मानने का जज्बा है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। आदिवासी संस्कृति में खेल और प्रकृति का विशेष महत्व रहा है।

उनके जीवन से युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने, अनुशासन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा लेनी चाहिए। पूर्व प्रदेश मंत्री गुंजन मरांडी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा युवाओं के लिए साहस, नेतृत्व और संघर्ष के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। जिस उम्र में आज के युवा अपने भविष्य और करियर की शुरुआत के बारे में सोचते हैं, उस उम्र में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का नेतृत्व कर इतिहास रच दिया था।

वहीं दौड़ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक और बालिका प्रतिभागियों को कप, मेडल एवं टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में प्रथम स्थान ब्रेंटियस, द्वितीय स्थान अनिल मुर्मू और तृतीय स्थान पर रोशन हेम्ब्रम रहे। बालिका वर्ग में प्रथम स्थान मरियम सोरेन, द्वितीय स्थान पर मरियम टुडू एवं तृतीय स्थान पर रीमा मुर्मू रही।

इस दौड़ प्रतियोगिता में दुमका की विभिन्न डिफेंस एकेडमी और उनके प्रशिक्षकों का भी सराहनीय सहयोग एवं सहभागिता रही।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन शाह, अनुज कुमार, अभिनंदन कुमार, सौरभ सिन्हा, सुमित, अमित, करण और पिंटू सहित अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775558 Articles

Share this story