आईजी सुदर्शन मंडल से मिलने अस्पताल पहुंचीं डीजीपी, स्वास्थ्य की जानकारी ली
रांची, 15 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा बुधवार को रांची के सैमफोर्ड अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने भर्ती जेल आईजी सुदर्शन मंडल के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने इलाज कर रहे डॉक्टरों से उनकी मेडिकल स्थिति पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि गत सोमवार को सुदर्शन मंडल को अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई थी। उन्हें तत्काल रांची के सैमफोर्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई।
इसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने उनकी एंजियोप्लास्टी की है और फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अस्पताल पहुंचीं डीजीपी तदाशा मिश्रा ने डॉक्टरों से इलाज की प्रगति की जानकारी ली और सुदर्शन मंडल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सुदर्शन मंडल वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में झारखंड में जेल आईजी के पद पर कार्यरत हैं।
उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मी भी लगातार अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जान रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

