श्रद्धा के नाम पर रजरप्पा पहुंच रहे श्रद्धालु नशे में हो रहे हिंसक

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धा के नाम पर रजरप्पा पहुंच रहे श्रद्धालु नशे में हो रहे हिंसक


रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने आते हैं। लेकिन कुछ श्रद्धालु यहां नशे में धुत्त होकर हिंसक हो रहे हैं। उनका व्यवहार ऐसा हो जाता है कि वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्था भी तार तार होने लगती है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी नशे में धुत लोगों की वजह से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। रजरप्पा मंदिर की सुरक्षा में लगे पुलिस पदाधिकारी और जवानों को भी ऐसे हिंसक श्रद्धालुओं की वजह से भारी परेशानी और जिल्लत झेलनी पड़ रही है।

17 जून को मुंडन की तिथि को लेकर मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच पुलिस और श्रद्धालु के बीच हुई भिड़ंत का वीडियो जब वायरल हुआ तो जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन दोनों ही हक्के बक्के रह गए। लेकिन जब हकीकत सामने आई तो पता चला कि नशे में धुत्त लोग सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात लोगों की इज्जत भी तार तार कर रहे हैं।

रजरप्पा थाना प्रभारी ने बताया कि रजरप्पा मंदिर में पूजा करने आए वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए अलग गेट से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। लेकिन वहां भीड़ की वजह से श्रद्धालु पुलिस की इस हरकत को गलत तरीके से देख रहे थे। जब श्रद्धालुओं को कतार में रहकर पूजा करने के लिए कहा गया तो एक श्रद्धालु पुलिस पर ही बरस पड़ा। उसने भददी भददी गालियां दी। यहां तक कि उनकी वर्दी खींचकर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। उसकी इस हरकत से उनकी वर्दी का बटन भी टूट गया। साथ ही वहां सुरक्षा व्यवस्था को भी भंग करने की कोशिश की गई। इसके बाद उस हिंसक हुए श्रद्धालु को अलग हटाकर रखा गया। लेकिन कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर इसे पुलिस के खिलाफ इस्तेमाल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story