निर्जला एकादशी पर श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
निर्जला एकादशी पर श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


रांची, 25 जून (हि.स.)। अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में गुरुवार को निर्जला एकादशी उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर श्री श्याम प्रभु के दर्शन एवं पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के मेवा, फल, खीर-चूरमा एवं केसरिया दूध का भोग अर्पित किया गया। रात्रि में महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को नवीन बागा धारण कराया गया और स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। जूही, बेला, रजनीगंधा, गुलाब एवं तुलसी दल की मालाओं से आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। वहीं मंदिर में विराजमान बजरंगबली और शिव परिवार का भी विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

रात्रि में पावन ज्योति प्रज्वलित कर श्री श्याम मंडल के सदस्यों द्वारा भावपूर्ण संकीर्तन का शुभारंभ किया गया। तुझको रिझाएंगे भजन तेरा सुनाएंगे..., खूब सज्यो श्रृंगार खाटू वाले को, छोड़ेंगे ना हम तेरा द्वार... और हमें तो जी भी दिया श्याम बाबा ने दिया... जैसे भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते रहे और जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। मंदिर समिति ने बताया कि 26 जून को द्वादशी के अवसर पर संध्या में श्री श्याम प्रभु को खीर-चूरमा का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में रमेश सारस्वत, चंद्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, माधव सारस्वत, गौरव परसरामपुरिया, प्रदीप अग्रवाल, अजय साबू, ज्ञान प्रकाश बागला, प्रियांश पोद्दार सहित श्री श्याम मंडल के कई सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story