यज्ञा बाबा आश्रम में शिव महोत्सव की धूम, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
यज्ञा बाबा आश्रम में शिव महोत्सव की धूम, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक


रांची, 04 अगस्त (हि.स.)। आम्रकुंज (दुर्गा मंदिर परिसर) में श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम की ओर से सावन के प्रथम सोमवार पर मोरहाबादी में भव्य शिव महोत्सव का आयोजन किया गया। देर रात तक चले धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन किया। पूरे आश्रम परिसर में हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

यह आयोजन आश्रम के मुख्य महंत भरत दास महाराज के सानिध्य और मुख्य पुजारी विकास पांडे के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। मौके पर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा की। शाम को भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके बाद विशेष रुद्राभिषेक और महाआरती आयोजित हुई। ढोल-नगाड़ों, डमरू और शंखनाद के बीच आयोजित आरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

कार्यक्रम के दौरान अभिषेक सिंह ने अभिषेक और महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था का दायित्व संभाला। पूजा के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। अनुष्ठान में आशुतोष द्विवेदी, राजू दुबे, राजकुमार पोद्दार, अन्नू पोद्दार, दीपक दुबे, सिंधु बाला, आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story