खाटू श्याम की निशान यात्रा में शामिल हुए भक्त

WhatsApp Channel Join Now
खाटू श्याम की निशान यात्रा में शामिल हुए भक्त


खाटू श्याम की निशान यात्रा में शामिल हुए भक्त


रामगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट रामगढ़ के तत्वाधान में द्वितीय रंग रंगीला फाल्गुन महोत्सव गुरुवार को निशान यात्रा के साथ शुरू हुआ। निशान यात्रा शहर के छावनी फुटबॉल मैदान से शुरू होकर नेहरू रोड, चट्टी बाजार झंडा चौक, थाना चौक, मेन रोड होते हुए पुनः छावनी फुटबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

यात्रा से पूर्व आचार्य ने पूजन संपन्न कराया। निशान यात्रा में सैकडों श्याम भक्त निशान लेकर शामिल हुए। शुक्रवार को नेहरू रोड स्थित श्याम मंदिर में भजन संध्या और संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोलकाता के दिवांग खंडेलवाल और प्रिया पोद्दार शामिल होंगे। बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, ज्योत दर्शन एवं महाभोग के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

भव्य निशान यात्रा में निशान लेकर श्याम भक्त आगे आगे चल रहे थे। उनके पीछे आकर्षक फूलों से सजाया गया अलग-अलग रथ में सवार भगवान गणेश, हनुमान जी और श्याम बाबा का भक्तों ने दर्शन किया। इस दौरान विभिन्न समाज के लोगों ने बाबा श्याम की आरती उतारी। साथ ही फूलों और अबीर गुलाल से वर्षा कर स्वागत किया।

निशान यात्रा के दौरान आकर्षण का केंद्र तांगे में सवार राधे-कृष्ण और शिव-पार्वती रहे। उनकी झलक देखते ही बन रही थी। यात्रा के रास्ते में जगह-जगह राधे कृष्ण की जोड़ी ने नृत्य पेश कर श्याम बाबा के गीतों से भक्तों को झुमाया।

निशान यात्रा के दौरान श्याम भक्त होली के रंग में डूबे नजर आए। बाबा श्याम और होली के गीतों से सराबोर श्याम भक्तों ने एक दूसरे पर जमकर अबीर गुलाल उड़ाए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष साबरमल अग्रवाल, शोभायात्रा के संयोजक राजेश पटवारी और संयोजक विनय अग्रवाल का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story