विकास और बेहतर भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
विकास और बेहतर भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी : कुलपति


विकास और बेहतर भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी : कुलपति


रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की भावना को आत्मसात करते हुए इस वर्ष पौधारोपण को विशेष महत्व दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.सरोज शर्मा थीं।

इस मौके पर कुलपति प्रो0 सरोज शर्मा ने स्वयं पौधारोपण कर इस अभियान का नेतृत्व किया। इसके बाद विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में सहभागिता की। इसके बाद अतिथियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायकों का स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान 04 जून को आयोजित पर्यावरण विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

रील मेकिंग प्रतियोगिता में काजल कुमारी प्रथम

रील मेकिंग प्रतियोगिता में काजल कुमारी (मारवाड़ी कॉलेज) प्रथम, राज नंदिनी (सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची) द्वितीय और विशाखा सोनी (मारवाड़ी कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में सुप्रिया सिंह (बीएस कॉलेज) ने प्रथम, अर्जु कुमारी (डोरंडा कॉलेज) ने द्वितीय और नाधिद सबा (डोरंडा कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में सभी विजेताओं को कुलपति प्रो सरोज शर्मा, डीएसडब्ल्यू प्रो सुदेश साहू, एफए अजय कुमार, डॉ मुकुंद मेहता, सीसीडीसी डॉ पीके झा, एफो डॉ दिलीप कुमार, कुलसचिव डॉ गुरचरण साहू, आईक्यूएसी से डॉ स्मृति सिंह, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ किशोर सुरीन सहित अन्य अतिथियों और निर्णायकों ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर कुलपति ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मां और प्रकृति—दोनों देती हैं, एक पेड़ मां के नाम अभियान इसी पवित्र भाव को जीवंत करता है। प्रकृति के संरक्षण से ही सतत विकास और बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक सहित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story