दीपावली और छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली और छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी


दुमका, 30 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली की रोशनी और लोक आस्था के महापर्व छठ की पवित्रता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पर्वों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में डीसी अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली और छठ पर्व के सफल आयोजन, विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों एवं तालाबों पर अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह, आस्था और निर्भयता के साथ पर्व मना सकें।

डीसी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल टीम, आवश्यक दवाइयों और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सहित आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान फायर एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आपदा प्रबंधन और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख छठ घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, आपदा मित्रों और नाव की पर्याप्त व्यवस्था रहे।

डीसी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ सहित संबंधित विभागों को छठ घाटों और तालाबों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की साफ सफाई और पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग की जाए। गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां रस्सी एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी में प्रवेश न करें।

उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि छठ घाटों के आसपास बिजली के तारों, विद्युत सजावट एवं अन्य विद्युत उपकरणों की समुचित जांच कर ली जाए।

डीसी ने कहा कि छठ पर्व के दौरान घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की जाए। प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण, वाहनों की पार्किंग, बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण और आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले से निर्धारित की जाए।

डीसी ने निर्देश दिया कि पर्व के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। कंट्रोल रूम में पर्याप्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति के साथ प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था रहे। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या समस्या की सूचना आम नागरिक तत्काल प्रशासन तक पहुंचा सकें।

डीसी ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर विशेष अभियान चलाकर मिठाई, खाद्य सामग्री एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करें। मिलावटी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं हो।

बैठक में वर्तमान चक्रवाती परिस्थितियों को देखते हुए संभावित प्रतिकूल प्रभावों एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि चक्रवात के कारण किसी भी प्रकार की क्षति होने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित करें। यदि चक्रवात के कारण फसलों को नुकसान पहुंचता है तो उसका त्वरित आकलन करते हुए आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में एसपी पीतांबर सिंह खरवार ने कहा कि छठ पर्व की पवित्रता एवं शुद्धता को ध्यान में रखते हुए घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की बेहतर साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों एवं तालाबों में विद्युत प्रवाह की किसी भी संभावना को समाप्त करने के लिए संबंधित विभाग पूर्व में ही सभी आवश्यक जांच पूरी कर लें।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story