बेहतर काम करने वाले विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में दी जाएगी प्राथमिकता : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
बेहतर काम करने वाले विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में दी जाएगी प्राथमिकता : डीसी


बेहतर काम करने वाले विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में दी जाएगी प्राथमिकता : डीसी


रामगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान डीसी ने डीएमएफटी के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। योजनाओं की प्रभावी और नियमित मॉनिटरिंग के उद्देश्य से सभी कार्यकारी एजेंसियों के साथ एक मानकीकृत फॉर्मेट साझा किया गया।

डीसी ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे तीन दिनों के भीतर निर्धारित फॉर्मेट में योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी भरकर उपलब्ध कराएं। इस फॉर्मेट में योजनाओं का भौतिक प्रगति, वित्तीय प्रगति, हैंडओवर स्टेटस सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का समावेश किया गया है। डीसी ने बताया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से डीएमएफटी के तहत जिले में विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे सभी विकास कार्यों की समेकित जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे उनकी नियमित समीक्षा एवं निगरानी करना और अधिक प्रभावी हो सकेगा।

डीसी ऋतुराज ने कहा कि विभागों के उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि भविष्य में उन्हीं विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका कार्य निष्पादन संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण पाया जाएगा। डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को इन विकास कार्यों का अधिकतम लाभ मिल सके।बैठक में उप विकास आयुक्त, विभिन्न विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story