आजीविका कैडर की मांगों पर जल्द होगी विभागीय कार्रवाई : दीपिका पांडेय सिंह
रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। आजीविका कैडर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड मंत्रालय स्थित एफएफपी भवन में सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मानदेय का भुगतान, मानदेय में वृद्धि और प्रत्येक माह ससमय भुगतान सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ विचार किया जाएगा तथा आवश्यक विभागीय कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।
उन्होंने लंबित मानदेय भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए विभागीय स्तर पर पहल करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आजीविका कैडर सरकार की ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। राज्य सरकार उनके योगदान का सम्मान करती है और समस्याओं के न्यायोचित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे आजीविका कैडरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। गांवों की महिलाओं और परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

