बिरसा मुंडा जेल में विचाराधीन कैदी से यौनाचार के आरोपों की विभागीय जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
बिरसा मुंडा जेल में विचाराधीन कैदी से यौनाचार के आरोपों की विभागीय जांच शुरू


बिरसा मुंडा जेल में विचाराधीन कैदी से यौनाचार के आरोपों की विभागीय जांच शुरू


-जेल आईजी के निर्देश पर जांच अधिकारियों की टीम होटवार जेल पहुंची, कई लोगों से की पूछताछ

-प्राथमिकी में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और चिकित्साकर्मियों समेत 19 लोगों के नाम

रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में एक विचाराधीन कैदी के साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार, मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने के मामले में जेल प्रशासन ने विभागीय जांच शुरू कर दी है। जेल महानीरिक्षक (आईजी) सुदर्शन मंडल के निर्देश पर शुक्रवार को जांच अधिकारियों की टीम बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार पहुंची। टीम ने मामले से जुड़े कई लोगों से पूछताछ की। जांच दल का नेतृत्व निदेशक ज्ञान शंकर जयसवाल कर रहे हैं। इसमें प्रोबेशन अधिकारी चंद्र मौली सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत में जेल के अंदर बंद कई कैदियों के अलावा जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्राथमिकी में कुल 19 लोगों के नाम और पद का उल्लेख किया गया है। इनमें जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के चिकित्साकर्मी भी शामिल हैं।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता का पुत्र रांची के एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद था। उसे रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। इसके बाद वह घर लौट आया, लेकिन जेल में कथित रूप से हुई घटनाओं के कारण वह मानसिक रूप से परेशान है।

पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया है कि जेल में रहने के दौरान उनके बेटे के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत के मुताबिक, पहली घटना 12 जून 2026 की रात की है। आरोप है कि जेल के कुछ बंदियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कर उसे लड़की के रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद उसे जबरन कोई तरल पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह बेहोशी की हालत में चला गया।

आरोप है कि इसके बाद उसे घसीटकर वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने मिलकर उसके साथ जबरन अप्राकृतिक यौनाचार किया। इस दौरान उसे धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

दूसरी घटना रामनवमी के आसपास की बताई गई है। प्राथमिकी के अनुसार, इस दौरान भी आरोपितों ने युवक को जबरन लड़की के रूप में तैयार किया और नशीला पदार्थ पिलाने के बाद वार्ड संख्या तीन में ले गए। वहां उसके साथ दोबारा अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप है।

तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान की बताई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी गिरोह के लोगों ने युवक को जबरन घसीटकर वार्ड संख्या चार और पांच के आसपास ले जाकर उसके साथ फिर से अप्राकृतिक यौनाचार किया। हालांकि, प्राथमिकी में इन दोनों घटनाओं की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।

पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उनके बेटे ने जेल के अंदर हुई घटनाओं की शिकायत वार्ड इंचार्ज से की थी। उसने लिखित आवेदन देकर अपने साथ हुए कथित अत्याचार की जानकारी दी थी, लेकिन वार्ड इंचार्ज ने शिकायत सुनने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया और आवेदन फाड़ दिया। आरोप है कि बंदियों के बीच हो रहे कथित यौन उत्पीड़न की जानकारी जेल प्रशासन को दिए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

जेल अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी प्राथमिकी में सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, कथित यौन उत्पीड़न के बाद युवक ने अपने निजी अंगों में परेशानी और चोट की शिकायत की थी। वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक ने उसकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया। चिकित्सक पर दुर्व्यवहार करने और जांच या इलाज से इनकार कर उसे वापस भेजने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि 12 जून 2026 को युवक की रिहाई के समय जेल प्रशासन ने उसकी चिकित्सकीय जांच नहीं कराई और न ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं।

प्राथमिकी में जेल के अंदर बंदियों के रूप में पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा वार्ड इंचार्ज, एक पुलिसकर्मी, संतोष उरांव, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को भी आरोपित बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने जेल के मेडिकल स्टाफ की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

खेलगांव थाना में प्राथमिकी संख्या 0066/2026 के तहत 12 नवंबर 2026 की रात मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित घटनाओं में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story